उत्तराखण्ड
ऋषिकेश में होगी ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, फरवरी 2027 में पहुंचेगी टीम।

संवादसूत्र देहरादून: विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। इस संबंध में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। मुलाकात के दौरान फिल्म की शूटिंग और उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित इस परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना में ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘द बीटल्स–ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नाम की इस श्रृंखला को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। इनके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है।
इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में भी मदद मिल सकती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखंड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।



