उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा में बढ़ रहा श्रद्धालुओं का उत्साह, व्यवस्थाओं से संतुष्ट यात्री।

संवादसूत्र देहरादून: प्रदेश में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को सतर्कता और निरंतर निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधाजनक, सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में भी संतुष्टि का भाव दिखाई दे रहा है। गुजरात के गांधीनगर नगर निगम की महापौर मीरा पटेल ने श्री बदरीनाथ धाम में आयोजित तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ की सफलता और श्री केदारनाथ धाम के दर्शन के दौरान उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से मिले सहयोग के लिए आभार जताया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे आभार पत्र में मीरा पटेल ने बताया कि उनके परिवार की ओर से 6 से 8 सितंबर 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद गुजरात से आए 188 श्रद्धालुओं के दल ने श्री केदारनाथ धाम के दर्शन भी किए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के दल में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे। उत्तराखंड सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के चलते इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दोनों धामों में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का अवसर मिला।
महापौर ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और यात्रा के दौरान उत्तराखंड सरकार तथा प्रशासन की ओर से मिला सहयोग राज्य की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा और भावना को दर्शाता है। उन्होंने यात्रा के दौरान मिले सहयोग, आत्मीयता और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने भगवान बदरी-केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।




