उत्तराखण्ड
जिला योजना समिति चुनाव के लिए निर्वाचक नामावली की समय-सारिणी जारी।

संवादसूत्र देहरादून: राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने की समय-सारिणी निर्धारित कर दी है। इसके तहत 8 सितंबर को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन, 10 सितंबर को निरीक्षण एवं दावा-आपत्ति, 12 सितंबर को दावा-आपत्तियों का निस्तारण और 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि यह प्रक्रिया उत्तराखंड के सभी जनपदों में होगी, जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र हरिद्वार के सम्पूर्ण क्षेत्र को छोड़कर।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट/रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जिला योजना समिति के निर्वाचन के लिए जिला पंचायत एवं नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार की जाएगी। कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के साथ ही जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय तथा सभी नगर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में भी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली से संबंधित समस्त कार्यवाही रिटर्निंग ऑफिसर/जिला मजिस्ट्रेट द्वारा संपन्न की जाएगी।




