उत्तराखण्ड
नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ, सीएम धामी ने दी 52.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात।

संवादसूत्र देहरादून/थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने सहित क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्वरोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है। स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र के लिए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की भी घोषणा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास योजनाओं के संचालन और स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



