Connect with us

बनबसा में 11 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का अनावरण, पाटनी तिराहे का नाम होगा हनुमान चौक।

उत्तराखण्ड

बनबसा में 11 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का अनावरण, पाटनी तिराहे का नाम होगा हनुमान चौक।

संवादसूत्र देहरादून/चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जिले के बनबसा में लगभग 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नशामुक्त देवभूमि उत्तराखंड के संकल्प के तहत आयोजित नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बनबसा स्थित एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री का अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नशामुक्ति सद्भावना दौड़ में शामिल युवा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित सुंदरकांड पाठ में भी उन्होंने सहभागिता की। जय श्री राम कीर्तन मंडल की ओर से प्रस्तुत भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

अपने संबोधन में धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने, युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर देने और प्रदेश के समग्र विकास को गति देने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने राज्य की प्रगति में मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि और सैन्यभूमि बताते हुए कहा कि देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सैनिकों का सम्मान, उनके परिवारों के हितों की रक्षा और प्रदेश की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

धामी ने कहा कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की गई है। वहीं, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल-विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार, राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुशासन और रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरित किया। उन्होंने लोगों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि प्रमोद कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]