उत्तराखण्ड
बारिश से हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त, पुलना के पास आवाजाही मुश्किल।

संवादसूत्र देहरादून/ज्योतिर्मठ: लगातार हो रही बारिश के कारण हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी का पैदल मार्ग पुलना गांव के पास कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बावजूद श्रद्धालु जोखिम उठाकर आवाजाही कर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना के बाद प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को तत्काल मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि शनिवार को भी मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं हो सका और कई स्थानों पर मलबा पड़ा रहा।
एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पुलना गांव के पास हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। लोक निर्माण विभाग को मार्ग ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मार्ग को दुरुस्त कर आवाजाही सुचारु करा दी जाएगी।




