उत्तराखण्ड
मसूरी में सड़क से बाहर निकली स्कॉर्पियो, पांच लोग सुरक्षित बचाए गए।

संवादसूत्र देहरादून/मसूरी। मसूरी में बुधवार देर शाम गज्जी बैंड के समीप एक स्कॉर्पियो-एन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चला गया। हादसे की सूचना आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी पुलिस को मिली। वाहन में पांच लोग सवार बताए गए थे।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों के प्रयास से वाहन में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
वाहन में सवार लोगों की पहचान उज्जवल त्यागी (19), पुत्र ओम त्यागी, निवासी ग्राम मझोला, गाजियाबाद; चिराग त्यागी, पुत्र शिव कुमार त्यागी, निवासी ग्राम मझोला, गाजियाबाद; अभिषेक त्यागी, पुत्र ओम राज त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर; यश त्यागी (20), पुत्र अमित त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर; और हनी त्यागी (20), पुत्र संजीव त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।




