Connect with us

युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश, बनबसा में विकास योजनाओं की सौगात।

उत्तराखण्ड

युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश, बनबसा में विकास योजनाओं की सौगात।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को दिनचर्या में शामिल करने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है। खेल किट खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज तथा विकसित राष्ट्र की नींव हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

धामी ने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। इससे महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। वहीं, जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 बिस्तरों का क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) विकसित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की परिवहन और संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने और वन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना ‘आदर्श उत्तराखंड’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए जनसहभागिता जरूरी है।

इस अवसर पर सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, बनबसा नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]