उत्तराखण्ड
शहरों के कायाकल्प की तैयारी तेज, हल्द्वानी से ऊधमसिंह नगर तक परियोजनाओं का निरीक्षण।

संवादसूत्र देहरादून/हल्द्वानी/ऊधमसिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं और सुनियोजित विकास से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में विभिन्न प्रस्तावित और निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और नारी शक्ति को प्रदर्शित किया जाएगा।
रामलीला मैदान के समीप डीके पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य भी प्रस्तावित है। यहां आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण और हरितीकरण भी प्रस्तावित है। इन कार्यों के अनुमान तैयार किए जा चुके हैं और इसी माह टेंडर आमंत्रित किए जाने की तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सचिव को प्रस्तावित स्थल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। सचिव ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
ऊधमसिंह नगर में भी परियोजनाओं की समीक्षा
सचिव ने रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज में भी विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर और आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का जायजा लिया गया। उन्होंने पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को शामिल करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
किच्छा के खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण पूरा होने के बाद इसे 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण होगा।
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग शामिल हैं। सचिव ने शेष फिनिशिंग कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरों में सौंदर्यीकरण, हरितीकरण, पार्क, रोटरी और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




