उत्तराखण्ड
गढ़वाल विवि का 12वां दीक्षांत समारोह: 79 गोल्ड मेडल, 177 पीएचडी सहित 6806 छात्रों को डिग्रियां।

संवादसूत्र देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को भव्य रूप से आयोजित हुआ। समारोह में शिक्षा सत्र 2022-24 और 2023-25 के कुल 6806 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।
दीक्षांत में शामिल होने के लिए 649 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 472 स्नातकोत्तर (पीजी) और 177 पीएचडी शोधार्थी शामिल रहे। इस अवसर पर 79 मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
स्वर्ण पदक के लिए कुल 105 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 50 विद्यार्थी सत्र 2022-24 और 55 विद्यार्थी सत्र 2023-25 के थे। दोनों सत्रों में कुल 319 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धन सिंह रावत ने कहा कि विश्वविद्यालय वर्तमान कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और राज्य सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अध्यक्षता कर रहे कुलाधिपति डॉ. योगेंद्र नारायण ने विद्यार्थियों से नवाचार और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। वहीं कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि डिग्री केवल कागज नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की ताकत है और यह नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक है।
समारोह की एक खास बात यह रही कि इस बार पारंपरिक गाउन की जगह पहाड़ी वेशभूषा में विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं, जिससे सांस्कृतिक पहचान की झलक देखने को मिली।
संस्कृत विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ज्योति और मनीष शिवांशु को पांच-पांच गोल्ड मेडल प्राप्त हुए। साथ ही, विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका “माउंटेन रिसर्च” के विशेषांक का भी विमोचन किया गया।




