उत्तराखण्ड
रेल बजट में उत्तराखंड को 4,769 करोड़ रुपये का आवंटन।

संवादसूत्र देहरादून: केंद्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को पत्र सूचना कार्यालय (PIB देहरादून) में आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के पत्रकारों को रेलवे बजट के संबंध में संबोधित किया।
इस अवसर पर वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे को इस वर्ष रिकॉर्ड 2.93 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय आवंटित किया गया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक बजट आवंटन के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री का भी धन्यवाद किया। रेल मंत्री ने कहा कि इस बजट का प्रत्यक्ष लाभ उत्तराखंड राज्य को भी मिलेगा।
रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड में रेलवे कार्यों के लिए मात्र 187 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था, जबकि रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो पहले की तुलना में 26 गुना अधिक है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड में कुल 39,491 करोड़ रुपये की लागत के रेलवे प्रोजेक्ट्स पर कार्य प्रगति पर है, जिसमें नई रेल लाइनों का निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास एवं रेलवे सुरक्षा को सुदृढ़ करना शामिल है।
अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 11 स्टेशनों को पूरी तरह से पुनर्विकसित करने के लिए चयनित किया गया है, जिनके आधुनिकीकरण हेतु 147 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
बेहतर कनेक्टिविटी और प्रीमियम ट्रेन सेवाओं के विस्तार के तहत उत्तराखंड में वर्तमान में 3 वंदे भारत एक्सप्रेस एवं 1 अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है।
नेटवर्क विस्तार और विद्युतीकरण के क्षेत्र में भी उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 2014 से अब तक लगभग 76 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। राज्य में रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जबकि इसी अवधि में 334 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण किया गया है।
साथ ही 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए हैं तथा रेलवे सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए अब तक 54 ‘कवच’ स्वीकृत किए जा चुके हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और यह परियोजना शीघ्र ही अपने उद्घाटन की ओर अग्रसर है।




