उत्तराखण्ड
आंगनबाड़ी कर्मियों को जल्द मिल सकती खुशखबरी: मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ोतरी के दिए संकेत, हड़ताल टली।

संवादसूत्र देहरादून: शनिवार को सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को रखा।
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के विषय में गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि मानदेय वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया गया है। सरकार के इस सकारात्मक रुख के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई।
बैठक में सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चन्द्रेश कुमार तथा विभागीय निदेशक बी.एल. राणा भी उपस्थित रहे।
सरकार के इस आश्वासन से प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कर्मियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।




