उत्तराखण्ड
विकास योजनाओं और कुंभ-2027 तैयारियों के लिए ₹62 करोड़ से अधिक की मिली मंजूरी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के टपकेश्वर महादेव, गढ़ी डाकरा कैंट में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) के निर्माण के लिए भूमि क्रय हेतु ₹6.62 करोड़ तथा नाबार्ड वित्तपोषित 21 योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके अलावा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बल्ली बैरिकेटिंग, चक्रव्यूह बैरियर, अस्थायी फायर वॉच टावर सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए ₹5.46 करोड़ और आठ अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण हेतु ₹6.85 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट क्षेत्र में सकुनी से सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के शेष कार्यों के लिए ₹1.24 करोड़ (प्रथम किस्त ₹74.83 लाख), सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए ₹72.83 लाख (प्रथम किस्त ₹43.69 लाख) तथा पिथौरागढ़ के भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए ₹22 लाख की स्वीकृति दी है। वहीं उधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹36.84 लाख जारी करने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चम्पावत और उधमसिंहनगर के वाइब्रेंट विलेज में ग्रामीणों की कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता और पुलिस संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम संचालित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।




