उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा पर बड़ा फैसला: श्रद्धालुओं की संख्या सीमित न करने के निर्णय का जोरदार स्वागत।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के फैसले का व्यापक स्वागत हो रहा है। चारों धामों से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, पुजारियों, होटल व्यवसायियों और ट्रैवल संगठनों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कपाट खुलने के अवसर पर चारधाम आने का आमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए यात्रा को और अधिक सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यात्रा के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चारधाम से जुड़े संगठनों ने सरकार के इस निर्णय को आस्था, पर्यटन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि इससे होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था को हमेशा खुला रखने का भी आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यात्रा का लाभ उठा सकें।
सभी संगठनों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना भी की।
इस अवसर पर किशोर भट्ट, मनवीर चौहान सहित अनेक पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।




