उत्तराखण्ड
पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात, सीएम ने किया सीएसडी कैंटीन व सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण।

संवादसूत्र देहरादून/खटीमा (ऊधमसिंह नगर): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा के खेतलसंडा में आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह में प्रतिभाग करते हुए पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सीएसडी कैंटीन और सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया।
यह कार्यक्रम उनके पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और वीर नारियों व सैनिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 60 वीर नारियों और 80 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का बलिदान देश के लिए प्रेरणा है और राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता के आदर्श, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी उन्हें प्रेरित करती है। उन्होंने स्वयं को “सैनिक पुत्र” बताते हुए कहा कि उन्हें सैनिकों और उनके परिवारों की जरूरतों का पूरा एहसास है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री का खटीमा में भव्य स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सीएसडी कैंटीन और सैनिक मिलन केंद्र से क्षेत्र के हजारों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका जीवन और अधिक सुगम होगा।




