Connect with us

8 जून से घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करेंगे बीएलओ।

उत्तराखण्ड

8 जून से घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करेंगे बीएलओ।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे। यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि राज्य में एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ का प्रशिक्षण तथा गणना फार्मों की शत-प्रतिशत छपाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जाएगा।

डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्मों का वितरण और संग्रहण करेंगे। इसी अवधि में प्राप्त फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर ऑनलाइन अपलोड भी किया जाएगा। यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार तक संपर्क करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 14 जुलाई से 11 सितंबर के बीच प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। इस दौरान नए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरकर अपने बीएलओ को जमा कर सकते हैं।

एक क्लिक पर बीएलओ से कर सकेंगे संपर्क

डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा शुरू की है। इसके तहत मतदाता ईसीआई की वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।

2003 की मतदाता सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता या पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा गली, मोहल्ला और क्षेत्र के नाम से भी मतदाता सूची खोजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]