उत्तराखण्ड
सरकारी स्कूलों में बनेंगे बुक बैंक और डिजिटल लाइब्रेरी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने स्कूलों में बुक बैंक स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने रविनाथ रमन को निर्देशित किया कि छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी किताबें बुक बैंक में जमा करें, ताकि अगले सत्र में अन्य छात्रों को वितरित किया जा सके। खराब या अनुपलब्ध पुस्तकों की पूर्ति नई छपाई से की जाएगी। इस व्यवस्था से हर वर्ष किताबों पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च कम किया जा सकेगा।
क्लस्टर विद्यालयों में कक्षा-कक्षों और छात्रावास (हॉस्टल) के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए। इसके लिए राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से फंडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सभी स्कूलों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और नियमित साफ-सफाई के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। शौचालयों की सफाई के लिए अलग से फंडिंग और प्रभावी मैकेनिज्म तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही स्कूलों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकों तक पहुंच और बेहतर ज्ञान अर्जन के अवसर मिल सकें।
बैठक में मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग




