उत्तराखण्ड
युवक को बंधक बनाकर यातना देने का आरोप, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

संवादसूत्र देहरादून: पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने दो लोगों पर अपहरण कर बंधक बनाने, गंभीर शारीरिक यातनाएं देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जाखन कैनाल रोड निवासी आजाद सिंह आजाद रावत ने शिकायत में बताया कि तीन जुलाई की शाम लालपुल, पटेलनगर के पास पैदल जाते समय एक तेज रफ्तार एक्टिवा से उनकी टक्कर हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद अंकुर वाल्मीकि और उसके साथी साहिल पुत्र ताहिर ने उनके साथ मारपीट की और जबरन निरंजनपुर फल मंडी स्थित एक दुकान में ले जाकर बंधक बना लिया।
पीड़ित का आरोप है कि दुकान के भीतर पूरी रात उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। शिकायत में बिजली का करंट लगाने, गर्म लोहे की रॉड से दागने तथा अन्य गंभीर शारीरिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित ने बताया कि देर रात आरोपियों के व्यस्त होने पर वह वहां से भाग निकला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पटेलनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की चिकित्सीय रिपोर्ट, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश भी जारी है।




