उत्तराखण्ड
चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं के साथ संपन्न हुआ केंद्रीय संचार ब्यूरो का कार्यक्रम।



संवादसूत्र देहरादून: चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर स्वयं लाभान्वित होने और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैंट इंटर कॉलेज और जौनसार पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला, क्विज, योग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जौनसारी लोकनृत्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता गतिविधियों और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
दूसरे दिन की मुख्य अतिथि एवं जौनसार पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग और बाल विकास विभाग ने अपनी प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी, जबकि स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों के माध्यम से भी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।
समापन अवसर पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘विकसित भारत’ विषयों पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर वर्ग में नमस्वी तोमर और सीनियर वर्ग में शम्भवी प्रथम रहीं। वहीं कैंट इंटर कॉलेज में ‘विकसित भारत’ विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में नाव्या तथा भाषण प्रतियोगिता में गरिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।




