उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा 2026 का हुआ शुभारम्भ, बसों को दिखाई हरी झंडी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए तीर्थयात्रियों के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मिक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में “ग्रीन चारधाम यात्रा” और “प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ” का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए बुनियादी ढांचे में तेजी से सुधार किया जा रहा है। केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यात्रा मार्गों को बेहतर बनाया गया है और गौरीकुंड से केदारनाथ तथा गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार है, जबकि बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यात्रा मार्गों पर संवेदनशील स्थानों पर शटल सेवा शुरू की गई है और यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।
सरकार ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का भी आह्वान किया है, जिससे लाखों लोगों की आजीविका को मजबूती मिलेगी।




