उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा फिर शुरू, प्रशासन ने जारी की सुरक्षा सलाह।

संवादसूत्र देहरादून: खराब मौसम और भूस्खलन की आशंका के चलते 20 जुलाई 2026 को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा आवश्यक समीक्षा के बाद पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दी गई है।
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यदि यात्रा के दौरान भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो जाए, तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों या होल्डिंग एरिया में ही रुकें और प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पालन करें। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाई जाएगी।
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।




