उत्तराखण्ड
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं पत्रकार जगत को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता लोकतंत्र की सशक्त आवाज रही है और समाज में जनजागरूकता तथा जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का गौरवशाली इतिहास रहा है। वर्तमान समय में पत्रकारिता समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता देश के राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी हिंदी पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। प्रदेश सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति संवेदनशील है और पत्रकारिता से जुड़े लोगों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित की भावना आज भी पत्रकारिता की मूल आत्मा है। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही सफल पत्रकारिता की पहचान है और पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम भी है।




