उत्तराखण्ड
अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी में चमकीं राज्य की बेटियां,मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की महिला मुक्केबाजों को सम्मानित किया। इस दौरान पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल के साथ उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। वहीं, आरती धारियाल ने 12 से 16 जुलाई तक रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
निकिता चंद इससे पहले 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। काजल फर्स्वाण ने अंडर-19 एएसबीसी एशियन चैंपियनशिप, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप और 38वें नेशनल गेम्स-2025 में भी पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आरती धारियाल 2024 और 2025 की एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता रह चुकी हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल अवसंरचना का विस्तार कर रही है और प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।




