उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह, मुख्यमंत्री ने विजेताओं को किया सम्मानित।



संवादसूत्र देहरादून/अल्मोड़ा: पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। समारोह में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह समारोह उन व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने नवाचार, उत्कृष्ट कार्य एवं समाजहित में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मयोगियों के बीच उपस्थित होना गौरव का विषय है, जिन्होंने अपने समर्पण और संकल्प से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान देने वाले औद्योगिक संस्थानों और संगठनों ने यह सिद्ध किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पर्यावरण और विकास को साथ लेकर चलना अत्यंत आवश्यक है तथा इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन के साथ राज्य आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में एक समय उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में राज्य का शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है।
प्रमुख सचिव नियोजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस डॉ. आर मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनपद के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।
एसडीजी की वार्षिक जिला रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट एवं गोविंद पिलख्वाल, सदस्य पलायन आयोग अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीपीपीजीजी मनोज पंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।




