उत्तराखण्ड
देहरादून में राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व का क्षण है कि राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। खेलों के जरिए अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण विकसित होते हैं, जो युवाओं को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने राज्य के साथ-साथ देश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस को एक ऐसा खेल बताया, जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का विशेष महत्व होता है। यह खेल खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाई है, जिससे भारत आज वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ “खेलभूमि” के रूप में भी पहचान मिली है, जहां राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष श्री कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष श्री हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा और उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री चेतन गुरुंग सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।




