उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने चंपावत में विकास परियोजनाओं की रखी नींव, जिम कॉर्बेट ट्रेल का किया शुभारंभ।

संवादसूत्र देहरादून/चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से नौ नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान उन्होंने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया और बस स्टेशन रोडवेज परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और चंपावत शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, कृषि, व्यापार तथा रोजगार के क्षेत्र में तेजी से नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चंपावत विकसित करना है जहां युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापारियों को नए अवसर और प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिले।
उन्होंने बताया कि चंपावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम तथा अन्य जनोपयोगी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा लगभग ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि विकसित चंपावत की मजबूत नींव हैं। ये योजनाएं युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और पर्यटन क्षेत्र के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, शिक्षकों, उद्यमियों, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, बार एसोसिएशन, प्रबुद्धजनों तथा मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




