उत्तराखण्ड
‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण।

देहरादून, 9 जून। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित करने से आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार नवाचार करें तथा शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं से उत्तराखंड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल तथा अन्य रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित कर रही है।
कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित अन्य रेडियो स्टेशनों पर भी प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी उपलब्ध कराया जा चुका है।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




