उत्तराखण्ड
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री जल्द करेंगे नितिन गडकरी से भेंट।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से भेंट करेंगे। प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की पैरवी को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा के बीच विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित बैठक में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा–दन्या–पनार–घाट, ज्योलिकोट–खैरना–गैरसैंण–कर्णप्रयाग तथा अल्मोड़ा–बागेश्वर–काण्डा–उडियारी बैंड मार्ग सहित राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े राज्य के अनेक महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से रखे जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से राज्य का सड़क नेटवर्क सुदृढ़ होगा, यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी और पर्वतीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने कहा कि राज्य में सड़क संपर्क सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार निरंतर सहयोग कर रही है और प्रस्तावित परियोजनाएं उत्तराखण्ड के समग्र विकास में मील का पत्थर सिद्ध होंगी।




