उत्तराखण्ड
मुख्य सचिव ने किया बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण।

संवादसूत्र देहरादून/टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, तकनीकी विशेषताओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना एवं निर्माण संबंधी जानकारी मुख्य सचिव को दी। उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री तथा परियोजना से प्राप्त वित्तीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक वृक्षारोपण कराने और मेनू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्थानीय पर्यटन, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम आशीष घिडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




