उत्तराखण्ड
सीएम ने 7 मार्च को अमित शाह के आगमन को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश देते हुए पुलिस एवं प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाओं एवं अग्निशमन व्यवस्था को पूर्ण रूप से तत्पर रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में अनुशासन, पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सर्वोपरी है। सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पुलिस को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रहे, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गैहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




