उत्तराखण्ड
सीएम ने हल्द्वानी में ₹147.28 करोड़ की 40 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण।

संवादसूत्र देहरादून/हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में ₹147 करोड़ 28.56 लाख की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जनपद को विकास की नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प के साथ प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही है और कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ राज्य सरकार अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजते हुए आगे बढ़ा रही है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की संस्कृति और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
प्रमुख लोकार्पण कार्य
मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा व बैलपड़ाव में नलकूप निर्माण, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया।
इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण सहित कुल 23 विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।
प्रमुख शिलान्यास कार्य
शिलान्यास की गई योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली, मोतियापाथर-शहरफाटक मार्ग सुधारीकरण, नैनीताल में अनावासीय भवन निर्माण, नशा मुक्ति केंद्र पाण्डे नवाड़ मरम्मत, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, विभिन्न सड़क एवं सीवरेज परियोजनाएं तथा नहर कवरिंग कार्य शामिल हैं।
पेयजल योजना का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता (एसपीए) कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (लागत ₹154.43 करोड़) का भी भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




