उत्तराखण्ड
आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में प्रगति पोर्टल बना प्रभावी माध्यम: सीएम।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के सपने को साकार करने में भारत सरकार का प्रगति (PRAGATI) पोर्टल अहम भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को भारत सरकार के प्रगति पोर्टल विषय पर पत्र सूचना कार्यालय (PIB) देहरादून द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजनाओं, योजनाओं और जन शिकायतों की त्वरित समीक्षा एवं समाधान के उद्देश्य से वर्ष 2015 में प्रगति पोर्टल की शुरुआत की गई थी। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत विकसित यह प्लेटफॉर्म केंद्र एवं राज्य सरकारों की प्रमुख परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर उनके क्रियान्वयन को गति प्रदान करता है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में उत्तराखंड में 3.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 42 परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है, जिनमें से 1.22 लाख करोड़ रुपये के 15 हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट्स की समीक्षा प्रगति मैकेनिज्म के तहत की जा रही है। अब तक 10 योजनाएं सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 32 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेलवे लाइन जैसी बड़ी परियोजनाएं राज्य के पर्यटन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पूर्ण होने से पहाड़ी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी और मानसून के दौरान यात्रा और अधिक सुगम बनेगी।
सीएम धामी ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी और धनोल्टी आने वाले पर्यटकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 में पूंजीगत निवेश हेतु राज्यों को विशेष सहायता योजना (SASCI) के अंतर्गत उत्तराखंड को कुल ₹1800 करोड़ से अधिक की सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि यह सहायता विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




