उत्तराखण्ड
सीएम ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं का लिया जायजा।



संवादसूत्र देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। देर रात हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई।
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं पर फीडबैक प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति और जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से गंभीर मरीजों के उपचार में सतर्कता बरतने तथा तीमारदारों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर और भरोसेमंद बनें, यह सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




