उत्तराखण्ड
पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले का सीएम ने किया स्वागत।

संवादसूत्र देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश के युवाओं के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह निर्णय लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और भविष्य की सुरक्षा के प्रति केंद्र सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना से पेपर लीक के मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा, दोषियों को समयबद्ध और कठोर दंड मिलेगा तथा भविष्य में ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।




