उत्तराखण्ड
बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा विवाद: जांच पूरी होने तक बीकेटीसी भंग करने की कांग्रेस की मांग।

संवादसूत्र देहरादून/चमोली: बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि जांच पूरी होने तक (बीकेटीसी) को भंग किया जाए।
नगर कांग्रेस कमेटी की पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता कमल रतूड़ी ने आरोप लगाया कि बदरीनाथ और केदारनाथ से जुड़े कई मामलों में पहले भी शिकायतें सामने आईं, लेकिन अब तक किसी भी मामले की जांच पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बीकेटीसी के अध्यक्ष पर भी पूर्व में आरोप लग चुके हैं, इसलिए पूरी समिति को भंग कर निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश नेगी और ब्लॉक अध्यक्ष दिगंबर सिंह बिष्ट ने भी कहा कि बीकेटीसी से जुड़े पुराने मामलों में कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना था कि वर्तमान प्रकरण की जांच पूरी होने तक मंदिर समिति को भंग रखा जाए।
वहीं, ब्रह्मकपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति के केंद्रीय अध्यक्ष उमेश सती ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति पिछले कुछ वर्षों से लगातार विवादों में रही है और नए मामलों के सामने आने से श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हो रही है।
फिलहाल मामले की जांच को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।




