उत्तराखण्ड
सचिवालय में आधुनिक कार्यालय भवन निर्माण को मिली रफ्तार।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में आवास विभाग सक्रियता से कार्य कर रहा है। आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सचिवालय परिसर में निर्माणाधीन आधुनिक कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता व समय-सीमा के सख्त पालन के निर्देश दिए।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सचिवालय की कार्यक्षमता बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक आधुनिक व प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
राज्य सम्पत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन विश्वकर्मा भवन के समीप 6 मंजिला (जी+5 एवं एक बेसमेंट) आधुनिक कार्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना की कुल लागत ₹5934.71 लाख है। वर्तमान में फाउंडेशन एवं बेसमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा ग्राउंड फ्लोर का कार्य जारी है। परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 15 प्रतिशत है और इसे जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना है।




