उत्तराखण्ड
जनपदों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए हर माह होगी समन्वय बैठक।

संवादसूत्र देहरादून, 18 अगस्त 2026। जनपद स्तर की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन एवं जिलों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए अब हर माह के पहले मंगलवार को समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
इस व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों से जुड़े ऐसे मामलों और समस्याओं को शासन के संबंधित विभागों के समक्ष रख सकेंगे, जिनके समाधान के लिए विभागीय समन्वय अथवा शासन स्तर पर निर्णय की आवश्यकता है।
बैठक से पहले उपलब्ध करानी होगी समस्याओं की सूची
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिलों द्वारा चिन्हित समस्याओं और प्रकरणों की जानकारी संबंधित विभागों को बैठक से पहले उपलब्ध कराई जाए, ताकि विभाग आवश्यक तथ्यों और प्रस्तावित कार्रवाई के साथ बैठक में उपस्थित हो सकें।
प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली बैठक में संबंधित जिले और विभाग के अधिकारियों के साथ प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी। मुख्य सचिव ने यथासंभव बैठक के दौरान ही समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शासन और जिलों के बीच मजबूत होगा समन्वय
मुख्य सचिव ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जनपद स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी को समाप्त करना और शासन एवं जिलों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।
उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि जनपदों से प्राप्त प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश कुमार झा, श्री दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री चंद्रेश कुमार यादव, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, श्री विनोद कुमार सुमन, सुश्री ज्योति यादव, श्री रणवीर सिंह चौहान, श्री धीराज सिंह गर्ब्याल और श्री राजेंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




