उत्तराखण्ड
होली मिलन के लिए सीएम आवास में उमड़ा जनसैलाब।

संवादसूत्र देहरादून: सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित होली मिलन समारोह में भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर उत्सव की उमंग में सराबोर रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करीब साढ़े तीन घंटे से अधिक समय तक होल्यारों के बीच रहे और प्रत्येक आगंतुक से आत्मीयता से भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। राजनीति, शासन और प्रशासन से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र के लोग, कर्मचारी, मीडिया कर्मी और आम नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। युवाओं और माताओं-बहनों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
मुख्यमंत्री ने सभी को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। वे पूरे समय खड़े रहकर लोगों से मिलते रहे, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता और उत्साह का विशेष वातावरण बना रहा। देर शाम तक मुख्यमंत्री आवास होली के रंगों और उल्लास से गूंजता रहा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीयता से होली खेली और शुभकामनाएं दीं।




