उत्तराखण्ड
देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना में पेड़ों की कटाई फिलहाल स्थगित, सभी पक्षों से होगा पुनः संवाद : मुख्यमंत्री।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई चिंताओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित पेड़ों की कटाई को फिलहाल स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की यह महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही थी। परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को विशेष महत्व देते हुए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास तथा छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का भी प्रावधान किया गया है। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास राज्य की आवश्यकता है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना से जुड़े सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विशेषज्ञों के साथ पुनः विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए, ताकि सभी पक्षों की राय और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्णयों का पूर्ण सम्मान करते हुए आगे की कार्रवाई करेगी। साथ ही, जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों की कटाई पर रोक रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर, जनता की भावनाएं और प्रदेश का विकास—तीनों सरकार की समान प्राथमिकताएं हैं। राज्य सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करेगी।




