उत्तराखण्ड
एचआईवी संक्रमित बंदी की मौत,जेल में बिगड़ी थी तबीयत।

संवादसूत्र देहरादून/नैनीताल: नैनीताल जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत बंद एक एचआईवी पॉजिटिव विचाराधीन बंदी की बुधवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक का इलाज हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में चल रहा था। मौत के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस के अनुसार बनभूलपुरा निवासी 30 वर्षीय युवक को अप्रैल 2025 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर नैनीताल जिला कारागार भेजा गया था। बताया जा रहा है कि वह नशे के इंजेक्शन का आदी था और इसी कारण एचआईवी संक्रमित हो गया था। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते वह समय-समय पर बीमार रहता था।
जेल में बिगड़ी हालत, दो अस्पतालों में चला इलाज
12 फरवरी को जेल में उसकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। पहले उसे नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां पिछले कुछ दिनों से उसका उपचार चल रहा था।
बताया गया कि बंदी को पूर्व में काला पीलिया (जॉन्डिस) भी हुआ था, जिससे वह उबर चुका था। हाल के दिनों में उसे लगातार बुखार की शिकायत थी।
देर रात तोड़ा दम
बुधवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम हाउस में परिजन पहुंचे। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और पोस्टमार्टम संपन्न हुआ।
मृतक परिवार में सबसे छोटा था। उसके चार बहनें और दो भाई हैं। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




