उत्तराखण्ड
देहरादून हत्याकांड: एसपी मुख्यालय ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा।

संवादसूत्र देहरादून: कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए नामित जांच अधिकारी पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने आज घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर प्रकरण की विस्तृत समीक्षा की।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में एसपी मुख्यालय ने घटनास्थल से जुड़े प्रत्येक पहलू का गहन परीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका पक्ष गंभीरतापूर्वक सुना और आवश्यक बयान दर्ज किए। घटना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण तथ्यों पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की गई।
एसपी मुख्यालय ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्रकरण की जांच पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक तरीके से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इसके पश्चात उन्होंने कोतवाली नगर एवं पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर प्रकरण से संबंधित अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं तथा पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े दस्तावेजों का भी गहन अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान घटना के समय पुलिस रिस्पॉन्स, सूचना प्राप्ति एवं उस पर की गई कार्यवाही सहित सभी बिंदुओं का सूक्ष्म विश्लेषण किया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड श्री सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा उत्तराखण्ड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




