उत्तराखण्ड
देहरादून-मसूरी मार्ग भारी बारिश के चलते बंद, सड़क धंसने से बढ़ा खतरा।
संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पूरे मार्ग को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। अगले आदेश तक इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
उप जिलाधिकारी मसूरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, लगातार अतिवृष्टि के कारण मार्ग के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा है। सड़क के क्षतिग्रस्त भाग पर किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।

प्रशासन ने मसूरी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा न करें और प्रशासन की अगली सूचना का इंतजार करें। साथ ही, बंद मार्ग पर जबरन जाने की कोशिश न करने तथा मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
देहरादून-मसूरी मार्ग प्रदेश के सबसे व्यस्त पर्यटन मार्गों में शामिल है। मार्ग बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत और सुरक्षा कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है। तकनीकी जांच पूरी होने और मार्ग सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा।
उधर, मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, कमजोर सड़कों, नदी-नालों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, क्षतिग्रस्त एवं जलभराव वाले मार्गों से दूर रहने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।




