उत्तराखण्ड
दून पुलिस का नकल माफियाओं पर शिकंजा, यूटीयू पेपर लीक का आरोपी दबोचा।

देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ प्रश्न साझा कर परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की।
कोतवाली प्रेमनगर में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर के अनुसार, 8 जुलाई को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि 3 जुलाई को सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र से मिलान करने पर उनमें काफी समानता पाई गई। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी जांच में आरोपों की पुष्टि की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




