उत्तराखण्ड
दुबई रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025: भारतीय पुरुष एवं महिला टीमों ने रचा इतिहास,भारत को दिलाया डबल वर्ल्ड कप खिताब।




संवादसूत्र देहरादून: दुबई में आयोजित 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारतीय पुरुष एवं महिला रोल बॉल टीमों ने वर्ल्ड कप जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। स्वदेश लौटने पर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूरी भारतीय टीम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल देश का मान बढ़ा है, बल्कि उत्तराखंड राज्य का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर गौरवान्वित हुआ है।
भारतीय पुरुष टीम का शानदार प्रदर्शन (वर्ल्ड कप विजेता – प्रथम स्थान)
भारतीय पुरुष टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया—
क्वार्टर फाइनल: भारत ने पाकिस्तान को 17–4 से पराजित किया
सेमी फाइनल: भारत ने मिस्र (Egypt) को 6–2 से हराया
फाइनल: कड़े एवं रोमांचक मुकाबले में भारत ने केन्या को 11–10 से पराजित कर वर्ल्ड कप जीत लिया
भारतीय महिला टीम का दमदार प्रदर्शन (वर्ल्ड कप विजेता – प्रथम स्थान)
भारतीय महिला टीम ने भी पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार सफलता अर्जित की—
क्वार्टर फाइनल: भारत ने पोलैंड को 11–0 से हराया
सेमी फाइनल: भारत ने ईरान को 2–1 से पराजित किया
फाइनल: भारत ने केन्या को 3–2 से हराकर वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया
उत्तराखंड की निर्णायक भूमिका
भारतीय पुरुष एवं महिला टीमों की इस ऐतिहासिक सफलता में उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री पंकज भारद्वाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने दोनों टीमों के फिटनेस कोच के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की फिटनेस, स्टैमिना एवं मानसिक मजबूती पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
इसके साथ ही यह भी गौरव का विषय है कि उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन की सचिव सुश्री चित्रांजलि नेगी को इस वर्ल्ड कप की कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया, जो उत्तराखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उत्तराखंड U-14 टीम की उल्लेखनीय उपलब्धि
गत माह अक्टूबर में आगरा में आयोजित अंडर-14 राष्ट्रीय रोल बॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाली उत्तराखंड बॉयज़ टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में टीम के कप्तान आदर्श बिष्ट ने 23 गोल कर “हाईएस्ट गोल स्कोरर” का खिताब अपने नाम किया।
उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन के लिए ये सभी उपलब्धियां गौरव, सम्मान एवं प्रेरणा का प्रतीक हैं। एसोसिएशन को पूर्ण विश्वास है कि आने वाले समय में भी उत्तराखंड के खिलाड़ी एवं अधिकारी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करते रहेंगे।
— उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन




