उत्तराखण्ड
उपनल कर्मियों को समान कार्य–समान वेतन पर ऐतिहासिक निर्णय, मुख्यमंत्री से भेंट कर जताया आभार।

संवादसूत्र देहरादून: उपनल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर ‘समान कार्य–समान वेतन’ से संबंधित कैबिनेट के ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि उपनल कर्मी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े सभी विषयों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उपनल कर्मियों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान एवं सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समान कार्य–समान वेतन’ का यह निर्णय राज्य सरकार की कर्मचारी हितैषी नीति का स्पष्ट प्रमाण है और इससे उपनल कर्मियों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
इस अवसर पर उपनल कर्मचारी महासंघ, उत्तराखंड के अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद सहित अजय डबराल, मीना रौथाण, रमेश डोभाल, योगेश बडोनी, शैलेंद्र पंवार, अनिल जुयाल, प्रदीप कश्यप एवं संजय पाल उपस्थित रहे।




