उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती,सोनप्रयाग थाने में FIR दर्ज।

संवादसूत्र देहरादून: चारधाम यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इस क्रम में सोनप्रयाग थाना में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से दर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर फैल रही अप्रमाणित सूचनाएं न केवल लोगों में भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि यात्रा व्यवस्थाओं को भी प्रभावित कर सकती हैं।
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक 4-5 अन्य संदिग्ध वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड पुलिस ने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा सके।
आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी अप्रमाणित जानकारी को साझा करने से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।




