उत्तराखण्ड
साकेत में पांच मंजिला इमारत ढही, कई लोगों के दबे होने की आशंका; राहत-बचाव अभियान जारी।

संवादसूत्र देहरादून/नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब-साकेत क्षेत्र में शनिवार शाम एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस को शाम करीब 7:44 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। बचावकर्मियों ने मलबा हटाने का काम शुरू किया और अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने से पहले तेज आवाज सुनाई दी और कुछ ही क्षणों में पूरी इमारत मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन के निचले हिस्से में मेस संचालित होता था, जहां हादसे के समय कई लोग मौजूद थे। हालांकि, हताहतों की संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौके पर राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता है। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
इमारत गिरने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बचाव अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की बात कही है।




