उत्तराखण्ड
पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर,100 से अधिक लाभार्थियों ने कराई जांच।

संवादसूत्र देहरादून/हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पत्रकारों की व्यस्त एवं अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर का शुभारंभ प्रातः मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना श्री नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। बाद में जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक सूचना ने शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने के साथ समाज को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया प्रतिनिधियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील है और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित इस शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजिशियन द्वारा व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। संयुक्त निदेशक सूचना श्री नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर अन्य क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
यह पहल “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ), फार्मेसिस्ट दीपा सुनारी, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित मेडिकल टीम एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




