उत्तराखण्ड
नीट (यूजी)-2026 पुनः परीक्षा अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा।

संवादसूत्र देहरादून:उत्तराखण्ड सरकार ने नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले राज्य के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस सुविधा का लाभ केवल उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को उनके नीट (यूजी)-2026 प्रवेश पत्र के आधार पर मिलेगा।
परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा दिवस तक अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन तक परीक्षा केंद्र से अपने गृह स्थान या वर्तमान निवास तक वापसी यात्रा भी निःशुल्क होगी।
सचिव परिवहन बृजेश कुमार सन्त ने इस संबंध में उत्तराखण्ड परिवहन निगम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार यह सुविधा केवल निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों में तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग तक ही मान्य होगी।
राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से परीक्षा देने जाने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी। अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना नीट (यूजी)-2026 प्रवेश पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा, जिसके आधार पर ही निःशुल्क यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवाओं को सहयोग प्रदान करना तथा उनकी परीक्षा संबंधी कठिनाइयों को कम करना है।




