उत्तराखण्ड
केदारनाथ धाम पहुंचे गौतम अदाणी, बाबा केदार के दर्शन संग रोपवे परियोजना का हवाई सर्वे।

संवादसूत्र देहरादून/रुद्रप्रयाग: अदाणी समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अदाणी शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी प्रीति अदाणी भी उनके साथ मौजूद रहीं।
जानकारी के अनुसार, गौतम अदाणी सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे और वहां से निजी हेलिकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ धाम रवाना हुए। धाम में उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

धार्मिक दर्शन के साथ ही उन्होंने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का हवाई सर्वे भी किया। गौरतलब है कि इस महत्वाकांक्षी रोपवे के निर्माण की जिम्मेदारी Adani Group को सौंपी गई है, जिससे यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए गौतम अदाणी ने लिखा कि यह दिन उनके लिए विशेष है—एक ओर विश्व श्रमिक दिवस और दूसरी ओर उनके विवाह की 40वीं वर्षगांठ। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर की शुरुआत उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन से की।

उन्होंने अपने संदेश में पत्नी प्रीति के प्रति आभार जताते हुए कहा कि चार दशकों की इस यात्रा में उनका साथ हर चुनौती में शक्ति और हर सफलता में विनम्र आधार रहा है। साथ ही उन्होंने भगवान महादेव से देश की प्रगति, समृद्धि और शक्ति के लिए प्रार्थना की।




